मुख्य समाचार

कर एवं परिवहन भवन का सीएम ने किया शुभारंभ

पटना। पांच मंजिला ‘कर भवन’ का शुभारंभ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। पूर्वी गार्डिनर रोड में 1.37 एकड़ में बने कर भवन की लागत 43.76 करोड़ रुपये है। मुख्यमंत्री ने ‘कर भवन’ के विभिन्न हिस्सों मंत्री, वरीय पदाधिकारी एवं कर्मी कक्ष, रिकॉर्ड रूम, मीटिंग हॉल, पुस्तकालय, प्रशिक्षण हॉल, सभागार एवं अतिथिगृह को देखा। इस मौके पर उन्होंने पौधारोपण भी किया।

मुख्यमंत्री ने फुलवारीशरीफ में 164.31 करोड़ की लागत से 23 एकड़ में बने परिवहन परिसर का भी उद्घाटन किया। यह परिसर भूकंपरोधी तकनीक पर बना है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इस परिसर के फुलवारीशरीफ जेलवाले हिस्से की तरफ के दीवार को इतना ऊंचा करें कि उधर से कार्यालय परिसर की कोई गतिविधि न दिखे। हवाई अड्डा वाले क्षेत्र की चहारदीवारी को और ऊंचा करें ताकि कोई व्यक्ति इधर से उधर न जा सके।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव, वित्त एवं वाणिज्यकर मंत्री विजय कुमार चौधरी, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, परिवहन मंत्री शीला कुमारी, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, वाणिज्य कर सचिव प्रतिमा एस. वर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, भवन निर्माण सचिव कुमार रवि, राज्य परिवहन आयुक्त बी. कार्तिकेय धनजी एवं कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे।


संबंधित खबरें