मुख्य समाचार

स्टेट जीएसटी के कार्यों का अध्ययन करने राजस्थान से आयी टीम

पटना। राजस्थान सरकार के वाणिज्य-कर विभाग की तीन सदस्यीय टीम दो दिवसीय दौरे पर बिहार आयी है। टीम हाल के दिनों में किए गए वाणिज्य-कर विभाग, बिहार के नवाचार एवं बेस्ट प्रैक्टिस का अध्ययन करेगी। राजस्थान सरकार की टीम में विशेष आयुक्त (प्रवर्त्तन) उत्सव कौशल, अपर आयुक्त शालीन उपाध्याय एवं संयुक्त आयुक्त ताराचंद मेघवाल हैं।

विशेष आयुक्त उत्सव कौशल ने बिहार में किये जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि रेवेन्यू ऑग्मेंटेशन के क्षेत्र में किये जा रहे बेस्ट प्रैक्टिस एवं नवाचारों का पारस्परिक अध्ययन राजस्व वृद्धि में सहायक होगा।

राज्य कर आयुक्त सह सचिव डॉ प्रतिमा ने बताया कि केंद्र सरकार ने भी बिहार वाणिज्य-कर विभाग के प्रयासों को उत्तम प्रयास माना है। इसी क्रम में राजस्थान सरकार के वाणिज्य-कर विभाग की तीन सदस्यीय टीम अध्ययन करने के लिए बिहार दौरे पर आयी है।

डॉ प्रतिमा ने कहा कि राज्य सरकार के निर्देश पर विभाग ने सेवा प्रक्षेत्र से जुड़े रियल स्टेट, बैंकिंग एवं इंश्योरेंस, टेलीकॉम, ई-कॉमर्स, मैरेज हॉल एवं कोचिंग संस्थान पर अपना ध्यान केंद्रित किया था। इसमें विभाग को उल्लेखनीय सफलता भी मिली है। 

वाणिज्य-कर अधिकारियों ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से राजस्थान टीम के पदाधिकारियों के साथ चर्चा की। इस दौरान डाटा एनालिटिक्स, एनफोर्समेंट, रियल इस्टेट सेक्टर, टेलिकॉम, इंश्यारेंस, बैंकिंग, कोचिंग संस्थान, बैंक्वेट हॉल एवं मनरेगा प्रक्षेत्र में किये गये कार्यों पर चर्चा की गई। 


संबंधित खबरें