मुख्य समाचार

बिहार के दूसरे बी हब का संचालन करेगा पटना आईआईटी

पटना। बिहार स्टार्टअप की मजबूती के लिए राजधानी के मौर्या लोक के बाद दूसरा बी हब फ्रेजर रोड स्थित बिहार राज्य वित्तीय निगम की बिल्डिंग में शुरू होने जा रहा है। उद्योग विभाग और बिहार स्टार्टअप फंड ने दूसरे बी हब के संचालन की जिम्मेदारी आईआईटी, पटना के इनक्यूबेशन सेंटर को सौंपी है। 

सहमति पत्र पर उद्योग निदेशक पंकज दीक्षित और आईआईटी के निदेशक डॉ टी. एन. सिंह ने हस्ताक्षर किए। इस मौके पर विकास आयुक्त विवेक कुमार सिंह, उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव संदीप पौंडरीक, योजना एवं विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव अरुणीश चावला  और प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल उपस्थित रहे। 

इस अवसर पर विकास आयुक्त ने कहा कि पूरे प्रदेश में स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूती में बी हब की विशेष भूमिका है। इमर्जिंग स्टार्टअप इकोसिस्टम के मामले में बिहार देश का अग्रणी राज्य है। स्टार्टअप उद्यमियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक नए को-वर्किंग स्पेस शुरू हो जाने पर स्टार्टअप सिस्टम और मजबूत होगा। 

फ्रेजर रोड स्थित कॉमन वर्किंग सेंटर का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और कुछ दिनों में ही पूरा काम हो जाएगा। इसके बाद स्टार्टअप उद्यमियों को इस कॉमन वर्किंग सेंटर पर आकर काम करने का मौका मिलेगा। 

उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव संदीप पौंडरीक ने कहा कि स्टार्टअप के संबंध में जागरूकता फैलाने तथा युवाओं का मार्गदर्शन करने के उद्देश्य से पूरे राज्य में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। बिहार स्टार्टअप की टीम हर जिले में जाकर जागरूकता कार्यक्रम चला रही है।
 


संबंधित खबरें