मुख्य समाचार

सेवा केंद्र से पंचायत तक के मौसम की मिलेगी जानकारी 

पटना। सरदार पटेल भवन की छठी मंजिल पर बिहार मौसम सेवा केंद्र का शुभारंभ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। कर्नाटक के बाद बिहार पंचायत स्तर तक मौसम की जानकारी देने वाला दूसरा राज्य बन गया है। इस मौके पर मौसम सेवा केंद्र के मोबाइल ऐप ‘मौसम बिहार’ का भी लोकार्पण किया गया। यह मोबाइल ऐप विकसित करनेवाला बिहार देश का पहला राज्य है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मौसम पूर्वानुमान की सही जानकारी होने से किसानों को खेती में सुविधा होगी। बिहार में हर वर्ष बाढ़, सुखाड़, शीतलहर, लू, चक्रवातीय तूफान एवं वज्रपात आदि प्राकृतिक आपदाओं के कारण जान-माल की क्षति होती है। बिहार मौसम सेवा केंद्र के माध्यम से प्राकृतिक आपदाओं के पूर्वानुमान की सूचना प्रसारित कर लोगों को सतर्क किया जाएगा। इससे कम-से-कम क्षति होगी।

बिहार मौसम सेवा केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं संयुक्त निदेशक डॉ सीएन प्रभु ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से केंद्र की गतिविधि एवं सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हर प्रखंड में स्वचालित मौसम केंद्र और पंचायत स्तर पर वर्षामापक केंद्र की स्थापना की गई है। इसके माध्यम से वर्षा, तापमान, आर्द्रता, हवा की गति और दिशा तथा वायुमंडलीय दाब से संबंधित आंकड़े एकत्र किए जाते हैं। 

आंकड़ों को संबंधित विभाग कृषि, आपदा प्रबंधन, जल संसाधन तथा अन्य विभागों के साथ जिलों को भी उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे किसान एवं लोग लाभान्वित होंगे। बिहार मौसम सेवा केंद्र 24 घंटे काम करेगा। इससे पंचायत स्तर तक मौसम का पूर्वानुमान किया जाता है। शीतलहर, ओलावृष्टि एवं कोहरे की भी निगरानी की जायेगी और उसका पूर्वानुमान लगाया जायेगा। इससे लोगों को सलाह एवं चेतावनी दी जा सकेगी। 

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के बिहार में 19 मौसम केंद्र हैं। इससे मौसम पूर्वानुमान की सही जानकारी नहीं मिल पाती थी। बिहार मौसम सेवा केंद्र ने 487 सेवा केंद्र स्थापित किये हैं। इससे मौसम की सटीक जानकारी मिल पायेगी। 

बिहार मौसम सेवा केंद्र के निदेशक संजय कुमार पंसारी ने बताया कि बिहार में रुट लेवल तक उच्च कोटि का काम हो रहा है। इसमें लगभग 90 प्रतिशत एकुरेसी है। योजना एवं विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव अरुणीश चावला ने ‘मौसम बिहार’ मोबाइल ऐप की जानकारी दी। 

इस अवसर पर ऊर्जा सह योजना एवं विकास मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा, बिहार आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष उदयकांत मिश्रा, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, पुलिस महानिदेशक आरएस भट्ठी एवं कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। 
 


संबंधित खबरें