मुख्य समाचार

2025 तक हर खेत में सिंचाई का पानी पहुंचाने का निर्देश 

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हर खेत में सिंचाई का पानी वर्ष 2025 तक पहुंचाने का निर्देश दिया है। योजना की समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि इस काम के लिए 2021 की बैठक में एक-एक बिंदु पर चर्चा हुई थी। जितनी जल्द हो सके हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचा दें। अभियंताओं के साथ बैठक कर तेजी से काम को आगे बढ़ाएं। स्थल पर जाकर काम की समीक्षा करें। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि निजी नलकूप योजना के संबंध में ठीक से सर्वेक्षण करा लें ताकि कोई क्षेत्र छूटे नहीं। सभी को इसका लाभ मिले। सरकार की तरफ से हरसंभव सहयोग किया जाएगा। भू-जल स्तर को मेंटेन रखने और पर्यावरण को बढ़ावा देने के लिए भी कई काम किये गये हैं। जल संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के लिए वर्ष 2019 में जल-जीवन-हरियाली अभियान शुरू किया गया। जल और हरियाली है तभी जीवन सुरक्षित है। 

लघु जल संसाधन विभाग के अपर मुख्य सचिव रवि मनुभाई परमार ने हर खेत तक सिंचाई का पानी योजना की दिशा में किये जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में लघु जल संसाधन मंत्री जयंत राज, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ एस. सिद्धार्थ, लघु जल संसाधन विभाग की अपर सचिव शैलजा शर्मा एवं वरीय अधिकारी उपस्थित थे। 
 


संबंधित खबरें