नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्टार्ट-अप पुरस्कार, 2023 के लिए आवेदन करने की तिथि 15 जून तक बढ़ा दी गई है। इससे इच्छुक उद्यमी और सक्षमकर्ताओं को अपने प्रयासों को दिखाने का अतिरिक्त समय मिलेगा। वाणिज्य औेर उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत उद्योग और आंतरिक संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) ने 2020 में राष्ट्रीय स्टार्ट अप पुरस्कार शुरू किया था।
डीपीआईआईटी प्रत्येक श्रेणी में एक विजेता स्टार्ट-अप को दस लाख रुपये का नकद पुरस्कार देगा। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय स्टार्ट-अप पुरस्कार 2023 के विजेताओं तथा फाइनल में पहुंचने वालों को विशेष सहयोग समर्थन प्राप्त होगा। इसमें निवेशक तथा सरकारी नेटवर्क तक पहुंच, मेंटरशिप कार्यक्रम, अंतरराष्ट्रीय बाजार एक्सपोजर, कॉरपोरेट तथा यूनिकॉर्न के साथ कनेक्शन और विभिन्न मूल्यवान संसाधन शामिल हैं।