भाजपा विरोधी विपक्षी दलों की बैठक अब 23 जून (शुक्रवार) को पटना में होगी। कांग्रेस के राहुल गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बैठक में शामिल होने की सहमति दे दी है। इससे पहले विपक्षी दलों की बैठक 12 जून को होनी थी। उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी।
जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि सभी पार्टी के प्रमुखों की अपनी-अपनी व्यस्तता के कारण 12 जून की बैठक नहीं हो सकेगी। सभी दलों की सहमति के बाद अब 23 जून को पटना में बड़ी बैठक होगी।
उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि महागठबंधन में शामिल सभी पार्टियों की इच्छा थी कि विपक्ष को गोलबंद किया जाए। देश में अघोषित आपातकाल की स्थिति है। मुद्दों की बात नहीं हो रही है। लोकतंत्र पर प्रहार और संविधान के साथ छेड़छाड़ हो रहा है। ऐसी स्थिति में विपक्ष एकजुट होकर 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ेगा।
23 जून की बैठक में शामिल होने वाले नेता : पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी, झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन, दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन, यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे, एनसीपी प्रमुख शरद पवार, सीपीआई के डी. राजा, सीपीएम के सीताराम येचुरी एवं माले के दीपांकर भट्टाचार्य।