किशनगंज। किशनगंज में चाय उत्पादन को बढ़ावा देने एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए राज्य सरकार सजग है। चाय उत्पादकों के साथ बैठक में कृषि मंत्री कुमार सर्वजीत ने कहा कि आप किशनगंज में चाय उद्योग स्थापित कीजिए। बिहार सरकार आपको हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी। किसी स्तर पर कोई परेशानी नहीं होगी।
बैठक में लगभग बीस से अधिक उद्योगपति मौजूद रहे। इनकी चाय क्षेत्र में बड़ी प्रोसेसिंग यूनिट दार्जिलिंग एवं अन्य जगहों पर है। उद्योगपतियों ने राज्य सरकार की पहल का स्वागत किया एवं निवेश का भरोसा दिलाया।
इसके अलावा किशनगंज में ही डॉ कलाम कृषि कॉलेज के एक कार्यक्रम में कृषि मंत्री ने कहा कि किशनगंज, पूर्णिया, अररिया और कटिहार में मखाना, ड्रैगन फ्रूट, अनानास और चाय की खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को पूरी सहायता दी जाएगी। इन फसलों के लिए विशेष योजनाएं शुरू की जायेंगी। किसानों के लिए अनुदानित दर पर कृषि यंत्र एवं उत्पाद के लिए बाजार की व्यवस्था की जायेगी।