भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का झंझारपुर कार्यक्रम स्थगित हुआ है, रद्द नहीं। लोकसभावार अभियान के तहत शीघ्र निर्धारित जगहों पर उनकी सभा होगी।
गोपालगंज के आंबेडकर भवन में आयोजित महाजनसंपर्क अभियान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार को मजबूत बनाने के लिए बिहार की सभी 40 लोकसभा सीटों को जीतना होगा। लोकसभा की सभी सीट जीतेंगे, तभी 2025 में भाजपा की बिहार में सरकार बनेगी। डबल इंजन की सरकार बनने के बाद बिहार का विकास होगा और बिहार भी आगे बढ़ेगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 2014 से पहले भारतीय अर्थव्यवस्था 11वें स्थान पर थी। अब वह पांचवें स्थान पर है। प्रधानमंत्री की पहल पर आज सारी दुनिया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना रही है।
2014 के बाद से अब तक चार करोड़ बेघरों को पक्का मकान मिला है। इन नौ वर्षों में भारतीय राजनीति और देश के विकास में कई महत्वपूर्ण परिवर्तन हुए हैं। हर जरूरतमंद को केंद्र सरकार की योजना का लाभ मिला है।