मुख्य समाचार

करदाता शिकायत निवारण अभियान का शुभारंभ 

अधिवेशन भवन,पटना में करदाता शिकायत निवारण अभियान का वित्त एवं वाणिज्य-कर मंत्री विजय कुमार चौधरी ने शुभारंभ किया। वाणिज्य-कर अधिकारी एवं व्यवसायी संगठन के प्रतिनिधियों से उन्होंने कहा कि अधिकारी और व्यवसायी वर्ग के विश्वास से ही राज्य की तरक्की होती है।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि करदाताओं की शिकायतों का निवारण पारदर्शिता के साथ हो। विभागीय कार्यशैली से कोई करदाता अगर परेशान है, तो वह विभाग के वरिष्ठ पदाधिकारियों के समक्ष अपनी समस्या रख सकता है। 

इसके लिए प्रत्येक माह के पहले मंगलवार को विभाग के उच्च पदाधिकारी करदाताओं की समस्याओं को सुनेंगे। इसी तरह प्रमंडल स्तर पर अपर आयुक्त (प्रशासन) प्रत्येक माह के दूसरे और चौथे मंगलवार को समस्याओं को सुनेंगे। 

शिकायतों के समाधान के लिए किसी करदाता को व्यक्तिगत रूप से ऑफिस आने की जरूरत नहीं है। कोई भी करदाता ई-मेल के माध्यम से भी अपनी शिकायत भेज सकता है। इसके लिए एक विशेष ई-मेल आईडी ctdbihargrievances@gmail.com भी जारी किया गया है। 

उन्होंने कहा कि व्यवसाय एवं उद्योग जगत एकमुश्त कर समाधान योजना फिर से लाने का अनुरोध कर रहा है। इस संबंध में प्रक्रिया जारी है। किसी भी व्यवसायी को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं होनी चाहिए। ऐसी स्थिति में अधिकारियों पर कार्रवाई होगी। व्यवसायियों को नियमों की जानकारी दें और जान-बूझकर करवंचना करने वालों पर सख्त कार्रवाई करें।

राज्य कर आयुक्त डॉ प्रतिमा ने विभाग की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में वर्ष 2022-23 में बिना क्षतिपूर्ति के विभाग ने राजस्व संग्रह में 27 प्रतिशत की वृद्धि दर हासिल की है। जीएसटी ट्रिब्यूनल का गठन प्रक्रियाधीन है। करदाताओं को अकारण परेशानी न हो। इसी उद्देश्य को लेकर करदाता शिकायत निवारण अभियान शुरू किया गया है।


संबंधित खबरें