मुख्य समाचार

हरित आवरण क्षेत्र 17 प्रतिशत करने में जुटी राज्य सरकार

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि मेरी इच्छा है कि राज्य का हरित आवरण क्षेत्र जल्द से जल्द 17 प्रतिशत हो जाए। बिहार का क्षेत्रफल कम है और आबादी घनी है। इसको ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार 17 प्रतिशत हरित आवरण क्षेत्र के लिए काम कर रही है। 

मुख्यमंत्री मुख्य सचिवालय परिसर में राज्यस्तरीय वन महोत्सव 2023 के उद्घाटन के बाद पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने मौलश्री पौधा का रोपण किया। उन्होंने कहा कि वन महोत्सव के अंतर्गत दो माह में चार करोड़ से अधिक पौधारोपण किया जाएगा। पहले पेड़ों की कमी थी, लेकिन अब हर जगह पेड़ दिख रहे हैं। 

बिहार से झारखंड के अलग होने के बाद बिहार का हरित आवरण क्षेत्र नौ प्रतिशत रह गया था। हरित आवरण क्षेत्र बढ़ाने के लिए वर्ष 2012 से राज्य सरकार ने पौधारोपण अभियान शुरू किया। वर्ष 2019 में जल-जीवन-हरियाली अभियान की शुरुआत कर हमलोगों ने इसे और आगे बढ़ाया। राज्य का हरित आवरण क्षेत्र अब बढ़कर 15 प्रतिशत हो गया है। 

कार्यक्रम में डिप्टी सीएम तेजस्वी प्रसाद यादव, पर्यावरण एवं वन मंत्री तेजप्रताप यादव, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, विभाग की सचिव वंदना प्रेयसी एवं वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। 


 


संबंधित खबरें