भारतीय जनता पार्टी के विधानसभा मार्च के दौरान पुलिस की पिटाई से जहानाबाद के जिला महामंत्री विजय कुमार सिंह की मौत हो गई। डाकबंगला चौराहा के समीप लाठीचार्ज में सांसद, विधायक एवं विधान पार्षद समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं को चोट लगी है।
लाठीचार्ज में सांसद जर्नादन सिग्रीवाल एवं अशोक यादव, पूर्व मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह एवं विधायक केदार गुप्ता सहित दर्जनों विधायकों को गंभीर चोट लगी है। बीजेपी ने शांतिपूर्ण विधानसभा मार्च पर लाठीचार्ज को लोकतंत्र की हत्या बताया है।
राजधानी के गांधी मैदान से विधानसभा तक बीजेपी ने मार्च का अयोजन किया था। राज्य सरकार के दस लाख लोगों को रोजगार देने का वादा नहीं निभाने, नियोजित शिक्षकों की मांगों के समर्थन, भ्रष्टाचार एवं किसान सलाहकारों पर लाठीचार्ज के विरोध में मार्च का अयोजन किया गया था।
बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल का कहना है कि पुलिस की पिटाई से जहानाबाद के जिला महामंत्री विजय कुमार सिंह की मौत हुई है। इस मामले में राज्य सरकार पर हत्या का मुकदमा दर्ज होना चाहिए।