पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने कहा कि शांतिपूर्ण ढंग से संचालित विधानसभा मार्च पर बर्बर लाठीचार्ज कर एक कार्यकर्ता की जान लेना और दर्जनों लोगों को बुरी तरह जख्मी करना निंदनीय है। क्या यही लोकतंत्र है ? प्रदर्शन करने के अधिकार को लाठी के बल पर रौंदने वाली सरकार किस मुंह से लोकतंत्र बचाने की बात करती है ?
मोदी ने कहा कि भाजपा के जहानाबाद जिला महामंत्री विजय कुमार सिंह का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। इसके विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। राज्य सरकार ने पुलिस को निरंकुश और हिंसक बना दिया है।
उन्होंने कहा कि जिन मुद्दों पर भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ता सड़क पर उतरे, संघर्ष किया और लाठियां खाई। इसे विधानमंडल में भी पूरी ताकत से उठाया। अब हम यह मामला जनता की अदालत में भी लेकर जाएंगे।