मुख्य समाचार

बीजेपी 14 जुलाई को पूरे राज्य में मनाएगी काला दिवस 

विधानसभा मार्च के दौरान हिंसक घटना के विरोध में बीजेपी पूरे राज्य में 14 जुलाई को काला दिवस मनाएगी। 15 जुलाई को सभी जिला और मंडलों में धरना कार्यक्रम होगा। इस दौरान दिवंगत वीर साथी विजय सिंह को श्रद्धांजलि भी दी जाएगी। 

भाजपा परिवार दिवंगत साथी के परिजनों को दस लाख रुपये आर्थिक सहयोग और परिवार को गोद लेकर सभी मदद करेगी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी। 

उन्होंने कहा कि राज्यपाल अगर बिहार आ जाते हैं, तो एक प्रतिनिधिमंडल उनसे मिलकर घटना की पूरी जानकारी देगा। इसके अलावा 14 जुलाई को विधानसभा और विधान परिषद में सरकार से जवाब मांगा जाएगा कि आखिर शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर लाठियां क्यों चलाई गई? 

प्रदेश अध्यक्ष ने विधानसभा मार्च के दौरान लाठीचार्ज की चर्चा करते हुए कहा कि सांसद जनार्दन प्रसाद सिग्रीवाल को वाई प्लस सुरक्षा है। उन्हें भी पुलिस ने अस्पताल पहुंचा दिया। हजारों कार्यकर्ताओं को पीटा गया। 

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि यह लड़ाई आगे भी जारी रहेगी। आज सदन में भी अघोषित आपातकाल है और सड़कों पर भी, जहां विपक्ष को बोलने नहीं दिया जा रहा है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व उपमुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद, सांसद रामकृपाल यादव, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी संजय मयूख, प्रदेश प्रवक्ता अरविंद सिंह एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी अशोक भट्ट मौजूद रहे।


 


संबंधित खबरें