मुख्य समाचार

बिहार को विशेष पैकेज की जरूरत : मनोज झा

बिहार को विशेष राज्य का दर्जा और विशेष पैकेज की जरूरत है, लेकिन बिहार को केंद्र सरकार उसका हक नहीं दे रही है। 2014 से पहले भाजपा को यह बात याद रहती थी, लेकिन अब वह भूल गई है। राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता सह राज्यसभा सांसद मनोज कुमार झा ने ये बातें कहीं। 

उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा के नेता अलग हटकर सोचें, तो बिहार को उसका हक और अधिकार मिलना चाहिए। ये लोग इसपर चुप क्यों रहते हैं? क्या इनके लिए बिहार की कोई अहमियत नहीं है। 

राज्यसभा सांसद ने कहा कि गरीबों की चाहत को पूरा करने और उनका अधिकार देने के लिए काम करने की आवश्यकता है। जातीय गणना के बिना उनकी योजना और अधिकार दिलाने में परेशानी आ रही है। इस पर भाजपा की कोई सोच नहीं है। हम सामाजिक मुद्दों पर गरीबों के साथ खड़े हैं। देश की जनता अपनी थाली और बच्चों के भविष्य को देख रही है। केंद्र सरकार ने महंगाई और रोजगार पर कुछ नहीं किया है।

उन्होंने कहा कि बिहार में प्रदर्शन करने वाली पार्टी भाजपा को बताना होगा कि बोरे में मिर्ची लेकर किस तरह से शांतिपूर्वक प्रदर्शन किया जाता है। जिसकी छज्जूबाग में मृत्यु हुई उसे भी भाजपा राजनीतिक मुद्दा बना रही है। यह कौन सी सोच है। इस तरह की राजनीति कहीं से उचित नहीं है। 

प्रेस कॉन्फ्रेंस में राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ करूणा सागर, प्रदेश मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव, प्रवक्ता अजय कुमार सिंह, डॉ एज्या यादव, ऋषि मिश्रा, एजाज अहमद, चितरंजन गगन, सारिका पासवान एवं डॉ उर्मिला ठाकुर समेत कई लोग मौजूद रहे। 
 


संबंधित खबरें