असेसमेंट ईयर 2023-24 के लिए 31 जुलाई, 2023 तक आईटीआर दाखिल करने का नया रिकॉर्ड बना है। 6.77 करोड़ से अधिक आईटीआर दाखिल किए गए हैं। यह आंकड़ा पिछले साल के 5.83 करोड़ से 16.1 प्रतिशत अधिक है। आयकर विभाग ने इसके लिए टैक्सपेयर्स और टैक्स प्रोफेशनल्स की सराहना की है।
विभाग ने कहा है कि वैसे टैक्सपेयर्स जो किसी कारण 31 जुलाई तक आईटीआर दाखिल नहीं कर सके हैं, वे शीघ्र अपनी फाइलिंग पूरी कर लें। इस बार 53.67 लाख नए टैक्सपेयर्स ने आईटीआर दाखिल किया।
दाखिल 6.77 करोड़ आईटीआर में से 49.18 प्रतिशत आईटीआर-1 (3.33 करोड़), 11.97 प्रतिशत आईटीआर-2 (81.12 लाख), 11.13 प्रतिशत आईटीआर-3 (75.40 लाख), 26.77 प्रतिशत आईटीआर-4 (1.81 करोड़) और 0.94 प्रतिशत आईटीआर-5 से 7 (6.40 लाख) हैं।
विभाग का कहना है कि बड़ी संख्या में टैक्सपेयर्स ने अपने वार्षिक सूचना विवरण (एआईएस) और करदाता सूचना सारांश (टीआईएस) को देखकर रिटर्न फाइल किया। इससे उन्हें काफी सुविधा हुई।