जापान से आये जेट्रो (जापान एक्सटर्नल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन) के डेलिगेट्स ने बिहार में निवेश की इच्छा जतायी है। डेलिगेट्स का कहना है कि जापान और बिहार का इतिहास वर्षों पुराना है। इस परिपेक्ष्य में जापानी कंपनियों के बिहार में निवेश की काफी संभावनाएं हैं।
डेलिगेट्स ने उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ एवं विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से निवेश की पूरी जानकारी ली। अपर मुख्य सचिव संदीप पौंडरीक ने डेलिगेट्स को बताया कि बिहार में मैन्यूफैक्चरिंग, फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल, बॉयो फ्यूल और पर्यटन में निवेश की संभावनाएं हैं। इन क्षेत्रों में जापानी कंपनियां निवेश कर सकती हैं।
डेलिगेट्स को गया-अमृतसर-कोलकाता कॉरिडोर के अंतर्गत 1600 एकड़ में किये जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें यह भी बताया गया कि बिहार में सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से निवेश कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें व्यक्तिगत रूप से आने की जरूरत नहीं है।
बिहार में स्किल्ड मैन पॉवर, बिजली, सड़क एवं पानी प्रचुर मात्रा में उपलब्ध है। इससे बिहार में विदेशी निवेशकों को उद्योग लगाने में सहूलियत होगी। बैठक में उद्योग निदेशक पंकज दीक्षित, जेट्रो के मुख्य महानिदेशक ताकाशी सुजुकी, निदेशक ताकू हिरोकी, सहायक निदेशक संदीप सिंह एवं अन्य मौजूद रहे।