मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में अपराध बहुत कम हो रहा है। आपलोग आंकड़ा देखिए। दिल्ली से पटना लौटने के बाद एयरपोर्ट पर पत्रकारों के सवाल पर मुख्यमंत्री ने यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आंख का चेकअप कराने दिल्ली गये थे। दो साल पहले आंख का ऑपरेशन हुआ था। अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि पर दिल्ली में हमने उनकी समाधि स्थल पर जाकर श्रद्धांजलि दी।
दिल्ली में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी विपक्षी पार्टियों के नेताओं से बातचीत होती रहती है। किसी नेता से बात करने हम दिल्ली नहीं गये थे। इसी महीने 31 अगस्त और 1 सितंबर को विपक्षी दलों की मुंबई में मीटिंग होनेवाली है। उस मीटिंग में शामिल होने हमलोग मुंबई जायेंगे।
2024 के लोकसभा चुनाव में तगड़ी लड़ाई होगी। यह देश हित में होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जबसे विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ का गठन हुआ है। उनलोगों ने भी एनडीए की मीटिंग शुरू कर दी है। इससे पहले ये लोग एनडीए की मीटिंग नहीं करते थे। विपक्षी एकता की शुरुआत हमने पटना से कराई थी। विपक्षी दलों की दो मीटिंग के बाद वे लोग परेशान हैं।