जया वर्मा सिन्हा ने रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष का कार्यभार संभाल लिया। भारतीय रेलवे के शीर्ष पद पर नियुक्त होने वाली वह पहली महिला हैं। इससे पहले उन्होंने रेलवे बोर्ड में सदस्य (संचालन और व्यवसाय) के तौर पर कार्य किया है।

जया वर्मा 1988 में भारतीय रेलवे यातायात सेवा (आईआरटीएस) में शामिल हुईं। उन्होंने परिचालन, वाणिज्यिक, आईटी और सतर्कता सहित विभिन्न क्षेत्रों में काम किया है। ढाका के भारतीय उच्चायोग में रेलवे सलाहकार के रूप में भी कार्य करने का उन्हें अनुभव है। उनके इस कार्यकाल के दौरान कोलकाता से ढाका तक प्रसिद्ध मैत्री एक्सप्रेस का परिचालन शुरू हुआ था।