मुजफ्फरपुर में होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। साथ ही हॉस्पिटल के अनुसंधान केंद्र में बुद्धा ऑपरेशन थियेटर कॉम्प्लेक्स का भी शुभारंभ किया। होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल एसकेएमसीएच परिसर में स्थित है।
उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने इलाजरत सुनीता देवी को बेहतर इलाज के लिए मुख्यमंत्री चिकित्सा राहत कोष से पांच लाख रुपये की सहायता राशि दी।
निरीक्षण के क्रम में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने मुख्यमंत्री को निर्माणाधीन कैंसर एपिडिमियोलॉजी यूनिट की उपयोगिता की जानकारी दी। उन्हें बताया कि इस कैंसर एपिडिमियोलॉजी यूनिट को बंकरनुमा बनाया जा रहा है। इसकी दीवारें काफी मोटी हैं ताकि कैंसर मरीजों को दी जानेवाली थेरेपी का दुष्प्रभाव बाहर नहीं पड़े।

अपर मुख्य सचिव ने बताया कि होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल बिहार के सभी जिलों में नौ लाख लोगों की कैंसर स्क्रीनिंग करा चुका है। कैंसर स्क्रीनिंग का फायदा यह है कि इससे दो तिहाई मरीजों की पहचान शुरू में ही हो जाती है। उनके इलाज में भी आसानी होती है।
मुजफ्फरपुर के 50 किलोमीटर एरिया में रहनेवाले एडवांस कैंसर से पीड़ित मरीजों के घर पर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार कैंसर के प्रति जागरूरकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है।