मुख्य समाचार

जोगबनी चेक पोस्ट पर आवासीय भवनों का उद्घाटन

एलपीएआई की जोगबनी इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (अररिया) पर 27 करोड़ रुपये की लागत से बने आवासीय भवनों का उद्घाटन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने किया। उन्होंने सीतामढ़ी जिले के बथनाहा में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के नये कार्यालय भवनों का वर्चुअल उद्घाटन भी किया। इन भवनों की निर्माण लागत 35 करोड़ है। 

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि सशस्त्र सीमा बल हमारे मित्र देश नेपाल और भूटान की सीमा पर सुरक्षा के साथ सांस्कृतिक मेलजोल बढ़ाने का भी काम करता है। पड़ोसी देशों के साथ हमारा संवाद बढ़े। इसके लिए लैंड पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एलपीएआई) एक वन स्टेप सॉल्यूशन है। आधुनिक तकनीक के साथ आवागमन एवं व्यापार को सुचारू रूप से चलाने के लिए सक्षम व्यवस्था खड़ी करना एलपीएआई का उद्देश्य है।

केंद्र सरकार ने अब तक 11 लैंड पोर्ट्स का विकास किया है और कई पर काम जारी है। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के बीच 19 लैंड कस्टम स्टेशनों की पहचान की गई है। इनमें से दस स्टेशन बिहार सीमा पर हैं। इससे बिहार के लोगों का व्यापार बढ़ेगा।

इस अवसर पर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय, सीमा प्रबंधन के सचिव अतुल दुल्लो, सशस्त्र सीमा बल की डीजी रश्मि शुक्ला, लैंड पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष आदित्य मिश्रा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी एवं कई गणमान्य मौजूद थे। 
 


संबंधित खबरें