मुख्य समाचार

80 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाता अब घर से भी कर सकेंगे मतदान  

निर्वाचन आयोग ने 80 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं को घर से भी मतदान करने की सुविधा दी है। इसके लिए वरिष्ठ मतदाताओं को फॉर्म 12 घ भरकर निर्वाचन कार्यालय में जमा करना होगा। बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एच.आर.श्रीनिवास ने अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस (एक अक्टूबर) के अवसर पर इसकी जानकारी दी। इस मौके पर वरिष्ठ मतदाताओं को सम्मानित भी किया गया।  

वर्तमान में बिहार में कुल मतदाताओं की संख्या 7.58 करोड़ है। इनमें 80 वर्ष से अधिक आयु के मतदाता 16,56,422 एवं सौ वर्ष से अधिक आयु के 18,514 मतदाता हैं।

लोकसभा चुनाव 2024 में वरिष्ठ नागरिकों की अधिकतम भागीदारी के लिए मतदान केंद्रों में व्हीलचेयर, रैंप एवं कतार रहित मतदान जैसी नई व्यवस्था की गई है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राज्य के वरिष्ठ मतदाताओं से अनुरोध किया है कि वे सभी आवश्यक सुविधाओं का लाभ उठाकर चुनाव में अपना मत डालें। साथ ही युवा मतदाताओं को अपने लोकतांत्रिक कर्तव्यों को पूरा करने के लिए प्रेरित भी करें। 

निर्वाचन आयोग के निर्देश पर बिहार के सभी जिलों के निर्वाचन अधिकारियों ने अपने क्षेत्राधिकार में 80 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं से संपर्क कर उन्हें सम्मानित किया। 
 


संबंधित खबरें