मुख्य समाचार

बिहार कारा उद्योग के ब्रांड ‘मुक्ति‘ का अनावरण

सरदार पटेल भवन के म्यूजियम में बिहार कारा उद्योग के ब्रांड ‘मुक्ति’ का अनावरण मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। उन्होंने बंदियों के हाथों से बने सामान की प्रदर्शनी देखी। भागलपुर कारा में तैयार किए गए हस्तशिल्प उत्पाद मुख्यमंत्री को उपहार स्वरूप दिए गए। 

जेल आईजी शीर्षत कपिल अशोक ने बताया कि कारा उद्योग का मकसद बंदियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना एवं जेल से मुक्ति के बाद समाज की मुख्य धारा से जोड़ना है। राज्य के आठ केंद्रीय कारा (सेंट्रल जेल) एवं दो मंडल काराओं में उद्योग संचालित हैं। करीब एक हजार बंदियों को रोजगार मिल रहा है।

इन जेलों में मसाला, सत्तू, ब्रेड, हर्बल चाय, सूती एवं खादी वस्त्र, काष्ठ उद्योग, हस्तशिल्प, मुद्रण सामग्री, चप्पल एवं होम केयर जैसे सौ से अधिक सामान बनाए जाते हैं। सभी सामान के निर्माण में उच्च गुणवत्ता एवं पैकिंग पर विशेष ध्यान दिया जाता है। 

बिहार के सभी जेल में अभी 54,500 बंदी हैं। कारा उद्योग में बने सामान की आपूर्ति जेलों में मांग के अनुसार की जाती है। इन उत्पादों की बिक्री से प्राप्त राजस्व को बंदियों के पीड़ित परिवार के कल्याण पर खर्च किया जाता है। इसका कुछ हिस्सा बंदी कल्याण कोष में भी जाता है। 
 


संबंधित खबरें