मुख्य समाचार

पशु आहार होगा सस्ता, शीरा पर 23 प्रतिशत कम हुआ जीएसटी

जीएसटी काउंसिल ने गन्ना किसानों को राहत देने के लिए शीरा (मोलासेस) पर जीएसटी 28 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत करने की सिफारिश की है। इससेे मिलों के पास तरलता बढ़ेगी और गन्ना किसानों का भुगतान समय पर हो सकेगा। पशु आहार की लागत भी कम होगी। पशु आहार बनाने में शीरा का भी उपयोग किया जाता है। 

जीएसटी काउंसिल की 52वीं बैठक दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में हुई। बैठक में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, गोवा एवं मेघालय के मुख्यमंत्री, बिहार के वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी, राज्य कर आयुक्त डॉ प्रतिमा, कई राज्यों के वित्त मंत्री एवं वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। 

जीएसटी काउंसिल ने प्रस्तावित जीएसटी अपीलीय ट्रिब्यूनल के अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति की शर्तों में पात्रता और आयु के संबंध में संशोधन की सिफारिश की है। 

बाजरे के आटे को पाउडर के रूप में तैयार करने और खुले में बेचने पर कर की दर शून्य होगी। शर्त यह है कि वजन का कम से कम 70 प्रतिशत बाजरा होना चाहिए। बाजरे को पैक और लेबल रूप में बेचने पर पांच प्रतिशत टैक्स लगेगा।

शराब के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले एक्स्ट्रा न्यूट्रल अल्कोहल (ईएनए) को जीएसटी से बाहर रखा गया है।

जीएसटी काउंसिल ने सरकारी कार्य के लिए जलापूर्ति, जन स्वास्थ्य, स्वच्छता संरक्षण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और स्लम सुधार की सेवाओं को भी छूट देने की सिफारिश की है।


संबंधित खबरें