मुख्य समाचार

रेल दुर्घटना दुखद, तोड़-फोड़ की भी आशंका 

राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने कहा कि बक्सर रेल दुर्घटना के बाद राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू हुए। इसकी जांच के भी आदेश दिये गए। इससे पता चलेगा कि यह हादसा किसी तकनीकी गलती से हुआ या इसके पीछे तोड़-फोड़ करने वाली ताकतों का हाथ है।

रेलवे और वंदे भारत एक्सप्रेस को निशाना बनाने की घटनाओं के बीच तोड़फोड़ की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। इस एंगल से भी जांच होनी चाहिए। जांच रिपोर्ट आने पर सरकार को तुरंत कड़े कदम उठाने होंगे, जिससे यात्रियों में सुरक्षा का भरोसा बढ़े। 

मोदी ने नॉर्थ ईस्ट ट्रेन के बेपटरी होने से चार लोगों की मौत पर शोक प्रकट किया और सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। 

सुशील कुमार मोदी एक संसदीय प्रतिनिधिमंडल के साथ जापान यात्रा पर हैं। टोक्यो से जारी बयान में उन्होंने कहा कि पिछले पांच साल में रेलवे सेफ्टी पर ज्यादा ध्यान दिया गया है। इससे दुर्घटनाओं में कमी आयी है, लेकिन उड़ीसा (बालासोर) के बाद बिहार (बक्सर) की रेल दुर्घटना चिंता का विषय है। 


 


संबंधित खबरें