उत्तर बिहार में एक नवंबर एवं दक्षिण बिहार में 15 नवंबर से धान की खरीद शुरू होगी। सहकारिता मंत्री सुरेंद्र प्रसाद यादव ने सुनवाई कार्यक्रम में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए सहकारिता विभाग सजग है। पैक्सों में व्यावसायिक कार्यों को बढ़ावा देने के लिए नौ नवंबर को बापू सभागार में प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।
सहकारिता विभाग की उपलब्धियों को बताते हुए मंत्री ने कहा कि सहकारी बैंकों में सहायक प्रबंधक एवं लिपिक पद पर बड़ी संख्या में नियुक्ति की गई है। सहकारिता को बढ़ावा देने के लिए सब्जी विपणन योजना का विस्तार किया जा रहा है।

सुनवाई कार्यक्रम में श्रम संसाधन मंत्री सुरेंद्र राम ने कहा कि सभी जिलों में नियोजन कैंप लगाया जाएगा। सरकार का एक लाख लोगों को विभिन्न कंपनियों में समायोजित करने का संकल्प है।
प्रवासी श्रमिकों की दुर्घटना होने पर मुआवजा राशि एक लाख रुपये से बढ़ाकर दो लाख कर दी गई है। श्रमिक के द्वार कार्यक्रम के तहत पूरे राज्य में पंचायत स्तर पर कैंप लगाकर श्रमिकों का रजिस्ट्रेशन कराया जा रहा है। सुनवाई कार्यक्रम में प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद एवं महासचिव संजय यादव भी मौजूद थे।
