मुख्य समाचार

1,20,336 शिक्षकों को मिला नियुक्ति पत्र 

बिहार सरकार ने शिक्षक नियुक्ति के पहले चरण में 1 लाख 20 हजार 336 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। इनमें 70,545 प्राथमिक स्कूल के शिक्षक (कक्षा एक से पांच), 26,089 माध्यमिक शिक्षक (कक्षा नौ से दस) एवं 23,702 उच्च माध्यमिक शिक्षक (कक्षा 11 से 12) हैं। नवनियुक्त शिक्षकों में 88 प्रतिशत बिहार से और 12 प्रतिशत अन्य राज्यों से हैं। 

चयनित शिक्षकों में 48 प्रतिशत महिला शिक्षक हैं। पटना में 25 हजार शिक्षकों को नियुक्ति पत्र दिया गया। शेष को जिला मुख्यालयों में प्रभारी मंत्री ने नियुक्ति पत्र वितरित किया। 

गांधी मैदान में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि इतने बड़े पैमाने पर अब तक दूसरे राज्यों में नियुक्ति पत्र नहीं दिया गया है। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार लोक सेवा आयोग ने शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया काफी अच्छे ढंग से की है। शिक्षकों के शेष 1 लाख 20 हजार रिक्त पदों पर अगले दो माह में नियुक्ति हो जाएगी।

वर्तमान में नियोजित शिक्षकों की संख्या 3 लाख 68 हजार है। शिक्षक नियुक्ति परीक्षा में 68 हजार नियोजित शिक्षक भी शामिल हुए। इनमें 28,815 नियोजित शिक्षक सफल हुए हैं। सभी नियोजित शिक्षकों के लिए अलग से परीक्षा का आयोजन कर उन्हें सरकारी शिक्षक बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हेडमास्टर के पद पर 50 हजार और 51 हजार सिपाही एवं पुलिस अधिकारी के पदों पर बहाली की जा चुकी है। राज्य सरकार ने 10 लाख लोगों को नौकरी देना तय किया था। अगले डेढ़ साल के अंदर उसे पूरा कर लिया जाएगा। पांच लाख लोगों को रोजगार भी उपलब्ध कराया गया है। राज्य सरकार ने टोला सेवक एवं तालीमी मरकज से जुड़े लोगों का मानदेय भी बढ़ा दिया है। 

समारोह को उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव, शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर, ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी एवं माध्यमिक शिक्षा निदेशक कन्हैया प्रसाद श्रीवास्तव ने भी संबोधित किया। 
 


संबंधित खबरें