26 नवंबर को होने वाले पटना मैराथन में 14,000 लोग शामिल होंगे। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने इसे स्पांसर किया है। इस बार मैराथन से पहले एक्सपो भी लगेगा। इसमें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की कंपनियां शामिल होंगी।
पटना मैराथन का उद्देश्य नशा मुक्ति के प्रति लोगों को जागरूक करना है। मैराथन में शामिल होने के लिए 21 नवंबर तक https://nebsports.in/patna-marathon पर निबंधन करा सकते हैं।

मद्यनिषेध,उत्पाद एवं निबंधन विभाग ने पटना मैराथन का आयोजन एनईबी स्पोर्ट्स के सहयोग से किया है। पटना प्रमंडल के आयुक्त कुमार रवि की अध्यक्षता में पटना मैराथन आयोजन समिति की बैठक हुई। बैठक में एनईबी के प्रतिनिधि सुनील शेट्टी ने आयोजन की जानकारी दी।
मैराथन गांधी मैदान से शुरू होगा। निर्धारित दूरी के अनुसार जेपी गंगा पथ, खास महल, दीघा दियारा, इंदिरा नगर एवं वापस जेपी गंगा पथ, गोलघर एवं गांधी मैदान में संपन्न होगा।
इस बार पटना मैराथन में चार विभिन्न श्रेणियों में प्रतिभागी भाग लेंगे। मैराथन (42 किमी) में 200 प्रतिभागी, हाफ मैराथन (21 किमी) में 2800, दस किमी में 4,000 एवं 5 किमी में 7000 प्रतिभागी भाग लेंगे।
