प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मेरे लिए देश की सबसे बड़ी चार जातियां हैं। गरीब,युवा,महिलाएं एवं किसान। इन चार जातियों का उत्थान ही भारत को विकसित बनाएगा।
उन्होंने कहा कि 15 नवंबर, 2023 को खूंटी (झारखंड) से विकसित भारत संकल्प यात्रा शुरू हुई थी। उस दिन मैंने कहा था कि विकसित भारत का संकल्प चार अमृत स्तंभों पर मजबूती के साथ टिका है। ये अमृत स्तंभ हैं हमारी नारी शक्ति, युवा शक्ति, किसान भाई-बहन एवं हमारे गरीब परिवार।
प्रधानमंत्री विकसित भारत संकल्प यात्रा के अंतर्गत आयोजित देशव्यापी कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से विकसित भारत संकल्प यात्रा के लाभार्थियों से बात की। महिला किसान ड्रोन केंद्र का शुभारंभ एवं एम्स, देवघर में 10,000वें जन औषधि केंद्र का लोकार्पण किया। विकसित भारत संकल्प यात्रा का मकसद केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ पूरे देश में पहुंचाना है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस देश का कोई भी गरीब, वह जन्म से कुछ भी हो, मुझे उसका जीवन स्तर सुधारना है। उसे गरीबी से बाहर निकालना है। इस देश का कोई भी युवा हो, उसकी जाति कुछ भी हो, मुझे उसके लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर देने हैं।
इस देश की कोई भी महिला हो, मुझे उसे सशक्त करना है। उसके जीवन से मुश्किल कम करनी है। उसके सपने को पंख देने हैं। इस देश का कोई भी किसान हो, मुझे उसकी आय बढ़ानी है। उसे सामर्थ्यवान बनाना है।
उन्होंने कहा कि इन चार जातियों को मैं जब तक मुश्किलों से उबार नहीं लेता हूं। मैं चैन से बैठने वाला नहीं हूं। ये चारों जातियां जब सशक्त होंगी, तो स्वाभाविक रूप से देश की हर जाति सशक्त होगी। जब ये सशक्त होंगे, तो पूरा देश सशक्त होगा।