रोजगार मेले के 11वें संस्करण के दौरान प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिग के जरिए देश के 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। इनमें बिहार के 428 पुरुष एवं 433 महिलाएं हैं।
इसी कड़ी में पटना के अधिवेशन भवन में रोजगार मेले का आयोजन किया गया, जहां केंद्रीय राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने 175 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपा। इस मौके पर सांसद रामकृपाल यादव एवं मुख्य आयकर आयुक्त कुमार संजय मौजूद रहेे।

केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि यह रोजगार मेला नई ऊर्जा और नई कार्य संस्कृति का द्योतक है। उन्होंने सभी नव नियुक्त अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दी। इन अभ्यर्थियों का चयन उच्च शिक्षा विभाग, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, वित्त विभाग, आयकर विभाग, स्वास्थ्य मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, गृह मंत्रालय, एमएसएमई एवं डाक विभाग में हुआ है।