संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी का कहना है कि पांच राज्यों में हुए चुनाव के नतीजों का स्पष्ट संदेश है कि ‘इंडिया‘ के घटक दलों में समझदारी बढ़ानी होगी। कांग्रेस को बड़े दल होने के नाते अधिक उदार होना होगा। इन राज्यों में अगर शुरू से ही सभी दल एकजुटता दिखाते, तो निश्चित रूप से अलग नतीजों की संभावना बनती।

चौधरी ने कहा कि बात मोदी मैजिक की नहीं है। मोदी तेलंगाना भी गये थे, जहां भाजपा का प्रदर्शन पिछले दिनों हुए हैदराबाद नगर निकाय चुनाव में पहले से खराब रहा। अब समय है कि इंडिया के सभी नेता लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाएं। व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाते हुए तत्काल राज्यवार सीटों के बंटवारा का कार्य प्रारंभ करें। अगर सब मिलकर लड़े, तो भाजपा को हराना नामुमकिन नहीं है।