मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि हम चाहते हैं कि विपक्ष एकजुट होकर वर्तमान केंद्र सरकार के खिलाफ चुनाव लड़े। वे लोग देश के इतिहास को बदलने में लगे हुए हैं। नई पीढ़ी को आजादी की लड़ाई याद रखनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे व्यक्तिगत रूप से कुछ नहीं चाहिए। हम पहले से ही लोगों की सेवा करते आ रहे हैं। तेजी से युवाओं को रोजगार देने में लगे हुए हैं। देशहित में सभी विपक्षी पार्टियों को एकजुट होना चाहिए।
भारत रत्न डॉ भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर आयोजित राजकीय समारोह के बाद मुख्यमंत्री पत्रकारों से बात कर रहे थे।

विधानसभा चुनाव परिणाम पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इनसब चीजों पर कोई खास चर्चा की बात नहीं है। हम तो यही चाहते हैं कि विपक्ष बहुत तेजी से एकजुट हो। मेरे बारे में खबर चल रही थी कि हम ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक में नहीं जा रहे हैं।
ऐसी कोई बात नहीं थी। मेरी तबीयत खराब थी। अगली बैठक होगी, तो हम फिर कहेंगे कि आपस में बैठकर सबकुछ जल्दी से तय कर लीजिए। हम एक साल से विपक्षी एकजुटता में लगे हुए हैं। राज्यों के चुनाव में सभी पार्टियां अपनी-अपनी जीत के लिए लग जाती हैं।