मुख्य समाचार

पूर्वी क्षेत्र ने रखी औद्योगिक विकास की नींव : अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि पूर्वी क्षेत्र ने देश में औद्योगिक विकास की नींव रखी है। आजादी से पहले और बाद में इस क्षेत्र के कई राष्ट्र भक्तों ने देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। यह क्षेत्र खनिज संपदा और पानी से संपन्न है। पूर्वी राज्य बिहार, उड़ीसा, झारखंड एवं पश्चिम बंगाल ने देश की जरूरतों के लिए लगभग सभी खनिज संसाधन उपलब्ध कराए हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री पटना में पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक को सबोधित कर रहे थे। लगभग तीन घंटे तक चली बैठक में 21 मुद्दों पर चर्चा हुई। 

बिहार में कराये गये जाति आधारित सर्वे पर अमित शाह ने कहा कि जब उनकी पार्टी बिहार में सत्ता में साझीदार थी, तब उसने जाति आधारित गणना का समर्थन किया था। राज्यपाल ने भी इस बिल को मंजूरी दे दी। जाति आधारित गणना को लेकर कुछ मुद्दे हैं। उम्मीद है कि राज्य सरकार उन्हें सुलझा लेगी। 

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि क्षेत्रीय परिषद की बैठकों में राजनीतिक मतभेद भुलाकर उदारवादी तरीके से समाधान खोजना चाहिए। राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों को भी क्षेत्रीय परिषद की बैठकों में शामिल किया गया है। 

इनमें पोषण अभियान के माध्यम से बच्चों में कुपोषण दूर करना, बच्चों के स्कूल छोड़ने की दर कम करना, आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में सरकारी अस्पतालों की भागीदारी, महिलाओं और बच्चों के खिलाफ दुष्कर्म मामलों की तेजी से जांच और इसके शीघ्र निपटारे के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट का कार्यान्वयन शामिल है। 

इन विषयों पर मुख्यमंत्री, मंत्री और मुख्य सचिव स्तर पर हर तीन महीने पर समीक्षा की जरूरत है। बैठक में खनन, कुछ मदों में केंद्रीय आर्थिक सहायता, बुनियादी सुविधाओं का निर्माण, भूमि अधिग्रहण एवं स्थानांतरण, जल बंटवारा, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण स्कीम का कार्यान्वयन, राज्य पुनर्गठन से सम्बंधित मुद्दे एवं क्षेत्रीय विषयों पर भी चर्चा हुई।
 


संबंधित खबरें