बिस्कुट निर्माता ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज ने बिहार में अपनी दूसरी यूनिट पटना जिला के बिहटा में शुरू की है। सिकंदरपुर औद्योगिक क्षेत्र में दूसरी यूनिट का शुभारंभ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। इस अवसर पर ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज के प्रबंध निदेशक वरुण बेरी भी मौजूद रहे।

बिस्कुट उत्पादन प्रक्रिया की जानकारी लेने के बाद मुख्यमंत्री ने बताया कि ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज की पहली इकाई वर्ष 2011 में हाजीपुर में स्थापित की गई थी। आज दूसरी इकाई से उत्पादन शुरू हो गया है।
यह जितना अधिक आगे बढ़ेगा, उतना बेहतर होगा। लोगों को रोजगार के और अवसर मिलेंगे। राज्य में उद्योग के लिए अनुकूल माहौल है और राज्य सरकार उद्यमियों को हर प्रकार की सुविधा दे रही है।

एक अन्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बिहटा औद्योगिक क्षेत्र में प्लग एंड प्ले शेड तथा मुख्यमंत्री उद्यमी योजना की इकाइयों का उद्घाटन किया। लाभुकों को योजना की दूसरी किस्त का चेक भी वितरित किया। इसके तहत मुख्यमंत्री ने भोजपुर इंटरप्राइजेज, आस्था टेक्सटाइल्स, प्रियंका एवं आनंद इंटरप्राइजेज को 3-3 लाख रुपये का सांकेतिक चेक दिया।