नवादा जिला के पौरा गांव में गंगाजल आपूर्ति योजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। योजना के शुभारंभ के बाद मुख्यमंत्री ने पानी पिया। योजना के शुरू होने से नवादा शहर के लोगों के साथ होटल, धर्मशाला एवं शिक्षण संस्थानों में भी पेयजल की आपूर्ति होगी।
इससे भू-गर्भ जल पर निर्भरता कम होगी। योजना पर्यावरण संरक्षण के अनुकूल है। हर घर को प्रतिदिन 135 लीटर गंगाजल की आपूर्ति की जाएगी।

राजगीर जलाशय से लगभग 20 किलोमीटर पाइप लाइन बिछाकर नवादा के पौरा स्थित जलशोधन संयंत्र तक गंगाजल पहुंचाया जा रहा है। पौरा जलशोधन संयंत्र में 36 मिलियन लीटर प्रतिदिन पानी साफ करने की क्षमता है। वहीं पर एक मास्टर अंडरग्राउंड रिजर्वायर (जलाशय) का निर्माण भी किया गया है। इसमें 36 मिलियन लीटर साफ पानी रखा जा सकता है।

रिजर्वायर से पानी सीधे बुडको के चार संप हाऊस में भेजा जाएगा। संप हाऊस से पानी को चार वाटर टैंक में भेजा जाएगा। प्रत्येक वाटर टैंक की क्षमता लगभग साढ़े चार लाख लीटर है। इन वाटर टैंक के माध्यम से नवादा शहर के सभी घरों को पानी की आपूर्ति की जाएगी।