सीतामढ़ी जिले का रीगा चीनी मिल चार साल से बंद है। इस मिल को फिर से चालू कराने की मांग हमेशा उठती रही है। मुख्यमंत्री के जनता दरबार कार्यक्रम में सीतामढ़ी जिला के किसान रंजीत कुमार मिश्रा ने अपनी व्यथा मुख्यमंत्री को सुनाई।
रंजीत ने कहा कि चीनी मिल शुरू होने से क्षेत्र के किसान और श्रमिकों को काफी लाभ होगा। मिल बंद होने से गन्ना उत्पादकों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गन्ना उद्योग विभाग को समुचित कार्रवाई का निर्देश दिया।

गोपालगंज जिला के किसान गुड्डू प्रसाद ने मुख्यमंत्री से कहा कि सासामुसा चीनी मिल प्रबंधन के पास किसानों का तीन साल के गन्ने का भुगतान बकाया है। वर्ष 2017-18 से वर्ष 2020-21 तक खरीदे गये गन्ने का भुगतान नहीं किया गया है।
मधुबनी जिले के तरुण कीर्ति ने कहा कि फसल सहायता योजना के अंतर्गत खरीफ वर्ष 2020 के लिए फसल क्षति की राशि अबतक नहीं मिली है। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को समुचित कार्रवाई का निर्देश दिया।