बिहार के किसानों के लिए एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित करने के लिए कृषि विभाग एवं माइक्रोसेव कंसल्टेंसी के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) हुआ है। एमओयू पर कृषि निदेशक डॉ आलोक रंजन घोष एवं माइक्रोसेव कंसल्टेंसी के एमडी मनोज कुमार शर्मा ने हस्ताक्षर किया।
इस मौके पर बिल एंड मिलिंडा गेट्स फाउंडेशन की वरीय कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ श्रीवल्ली कृष्णन, कृषि मंत्री कुमार सर्वजीत एवं कृषि सचिव संजय कुमार अग्रवाल भी मौजूद रहे।
किसानों के लिए एकीकृत डिजिटल सेवा विकसित करने में बिल एंड मिलिंडा गेट्स फाउंडेशन सहयोग कर रहा है। एकीकृत सेवा के जरिये कृषि एवं संबद्ध विभाग की योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन करने में सहूलियत होगी।

इसके अलावा मौसम की जानकारी, खेती की सलाह, कृषि उत्पाद का बाजार मूल्य और वित्तीय सेवाएं भी मिलेंगी। इस प्लेटफॉर्म में किसानों के लिए शिकायत निवारण की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। उनके आवेदन किस स्तर पर लंबित हैं। इसकी जानकारी मिल सकेगी।
इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जैसी नवीनतम तकनीक का इस्तेमाल कर किसानों को और बेहतर कृषि संबंधित सेवाएं प्रदान की जायेंगी।