बिहार को फसल उत्पादन में सर्वश्रेष्ठ राज्य का पुरस्कार मिला है। नई दिल्ली में आयोजित प्रतिष्ठित एग्रीकल्चर लीडरशिप अवार्ड्स समारोह में बिहार के कृषि सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने केंद्रीय कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा से यह पुरस्कार प्राप्त किया ।
भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश और केरल के राज्यपाल पी. सदाशिवम की अध्यक्षता में जूरी पैनल ने फसल उत्पादन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बिहार को यह पुरस्कार दिया है।

बिहार के कृषि सचिव ने पुरस्कार का श्रेय राज्य के किसानों को दिया है। उन्होंने कहा कि फसल उत्पादन में बिहार की सफलता के पीछे एक व्यापक दृष्टिकोण है। यह प्रौद्योगिकी, अनुसंधान और सामुदायिक सहभागिता को एकीकृत करता है।
राज्य की कृषि नीतियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक विकास को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। 1.62 लाख करोड़ रुपये के चौथे कृषि रोड मैप (2023-28) का शुभारंभ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने किया है।

कृषि मंत्री कुमार सर्वजीत जी ने कहा कि प्रतिष्ठित एग्रीकल्चर लीडरशिप अवार्ड्स मिलना एक गौरव का क्षण है। यह अवार्ड राज्य के किसानों की मेहनत का प्रतीक है। कृषि विभाग के सभी पदाधिकारी और कर्मियों को यह सम्मान किसानों के हित में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करता रहेगा।
एग्रीकल्चर टुडे ग्रुप का लीडरशिप अवार्ड्स एक प्रतिष्ठित मंच है। यह कृषि क्षेत्र में उत्कृष्टता के प्रतीक के रूप में काम करता है।