तीन दिवसीय बिहार डेयरी एंड कैटल एक्सपो का शुभारंभ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के खेल परिसर में यह आयोजन पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग, कॉम्फेड एवं बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय ने संयुक्त रूप से किया है।
सभी जिलों से प्रगतिशील किसान उन्नत नस्ल के पशुओं के साथ एक्सपो में भाग ले रहे हैं। इससे किसानों को उन्नत नस्ल के पशुधन के बारे में जानकारी मिलेगी। देशी एवं विदेशी नस्ल की गायों के लिए प्रतियोगिता आयोजित की गई है। इसमें सर्वाधिक दूध देने वाली गायों को पुरस्कृत किया जाएगा। किसानों को गुणवत्तापूर्ण पशु आहार बनाने की जानकारी भी मिलेगी।

एक्सपो में हरियाणा से चर्चित मुर्रा नस्ल का भैंसा गोलू-2 लाया गया है। यह सभी के लिए आकर्षण का केंद्र है। पानीपत के पशु मेले में इसकी कीमत 10 करोड़ रुपये लगी थी। इस भैंसे के मालिक पद्मश्री नरेंद्र सिंह हैं।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कॉम्फेड के पांच डेयरी संयंत्र और पशु चिकित्सा एवं पशुपालन महाविद्यालय, किशनगंज का शुभारंभ किया। पटना कॉम्फेड के पांच नये उत्पाद मिठाई, नमकीन, कुकीज, ब्रेड एवं पेयजल (सुधा सलिल) का भी लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार एवं दूध संघों को 10.50 करोड़ रुपये के लाभांश वितरण से संबंधित चेक भी प्रदान किया।
