मुख्य समाचार

दीघा-सोनपुर के बीच बनेगा 6 लेन पुल, केंद्र ने दी मंजूरी 

केंद्र सरकार ने बिहार के दीघा और सोनपुर के बीच गंगा नदी पर पुल निर्माण को मंजूरी दी है । छह लेन वाले नए केबल पुल की लंबाई 4.56 किलोमीटर होगी। परियोजना की कुल लागत 3064.45 करोड़ रुपये है। निर्माण कार्य 42 माह में पूरा करने का लक्ष्य है।

पटना (दीघा) और सारण (सोनपुर) जिलों के बीच पुल निर्माण को प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति ने मंजूरी दी है। ईपीसी मोड पर दोनों जिलों (एनएच 139) की दोनों तरफ पहुंच मार्ग का भी निर्माण होगा। 

इससे सामान की आवाजाही में सुविधा होगी और क्षेत्र का आर्थिक विकास होगा। वर्तमान में दीघा -सोनपुर के बीच रेल और सड़क पुल से केवल हल्के वाहनों की आवाजाही हो रही है। नया पुल पटना से औरंगाबाद, छपरा, मोतिहारी एवं बेतिया तक सीधी कनेक्टिविटी देगा। 

यह परियोजना बुद्ध सर्किट का भी एक हिस्सा है। इससे वैशाली और केसरिया में बुद्ध स्तूप, पूर्वी चंपारण जिले के अरेराज स्थित सोमेश्वर नाथ और केसरिया में प्रस्तावित विराट रामायण मंदिर तक पहुंच आसान होगी।
 


संबंधित खबरें