राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने कहा कि ललन सिंह को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से हटाने की हमारी भविष्यवाणी सप्ताह भर के भीतर सच हुई। यह अभी खेल की शुरुआत है। जदयू का टूटना तय है। ललन सिंह लालू प्रसाद से मिलकर जदयू को तोड़ने में लगे थे।
मोदी ने कहा कि ललन सिंह के हटने की खबरों को जो लोग मीडिया और भाजपा का खेल बता रहे थे, उन्हें अब कुछ दिन मुंह छिपाना पड़ेगा।
ललन सिंह को हटाये जाने पर जदयू कार्यालय में मिठाइयां बांट और पटाखे छोड़ कर कार्यकर्ताओं ने ऐसी खुशी मनायी, जैसे उन्हें किसी गलत आदमी से मुक्ति मिल गई हो।

उन्होंने कहा की जदयू के भीतर दो गुट बन चुके हैं। एक खेमा लालू समर्थक है, जिसके 12 से ज्यादा विधायकों को ललन सिंह अपने पीछे खड़ा कर चुके थे। दूसरा गुट भाजपा के प्रति सद्भाव रखता है।
यदि समय रहते ललन सिंह को नहीं हटाया गया होता, तो वे लालू प्रसाद के एजेंट के तौर पर जदयू का राजद में विलय करा कर ही मानते। उन्होंने कहा कि ललन सिंह चुप बैठने वाले नहीं हैं। वे कुछ और गुल खिलाएंगे। जदयू को उनसे और सावधान रहने की जरूरत है।