नीति आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष डॉ अरविंद पनगढ़िया 16वें वित्त आयोग के अध्यक्ष होंगे। अभी वे कोलंबिया यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर हैं। इस संबंध में वित्त मंत्रालय ने अधिसूचना जारी कर दी है। ऋत्विक रंजनम पांडे को आयोग का सचिव नियुक्त किया गया है। सोलहवें वित्त आयोग के सदस्यों को अलग से अधिसूचित किया जाएगा।
सोलहवें वित्त आयोग से अनुरोध किया गया है कि वह 1 अप्रैल, 2026 से शुरू होने वाले पांच वर्षों की अवधि को कवर करते हुए 31 अक्टूबर, 2025 तक अपनी रिपोर्ट उपलब्ध कराए।

वित्त आयोग संघ और राज्यों के बीच करों की शुद्ध आय के वितरण, केंद्र की संचित निधि से राज्यों को राजस्व सहायता अनुदान एवं राज्यों की संचित निधि में वृद्धि करने के लिए आवश्यक उपाय के बारे में सिफारिशें करता है।
मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में डॉ अरविंद पनगढ़िया को नीति आयोग का पहला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया था, लेकिन वे इस पद पर 5 जनवरी 2015 से 31अगस्त 2017 तक ही रहे। कार्यकाल पूरा होने से पहले ही पनगढ़िया ने इस्तीफा दे दिया। इसके बाद वे कोलंबिया यूनिवर्सिटी चले गए।