बिहार में ठंड का कहर जारी है। ऐसी स्थिति में आठवीं कक्षा तक के स्कूल एवं कोचिंग अभी बंद रहेंगे। बच्चों के स्वास्थ्य को देखते हुए जिला प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।
पटना जिला के सभी स्कूलों में 25 जनवरी तक आठवीं कक्षा तक की पढ़ाई पर रोक रहेगी। इससे पहले 23 जनवरी तक पढ़ाई पर रोक थी। मिशन दक्ष और बोर्ड परीक्षाओं के लिए विशेष कक्षाओं के संचालन को इससे अलग रखा गया है।
नौवीं से बारहवीं तक की कक्षाओं में सुबह नौ बजे से दोपहर 3.30 बजे तक पढ़ाई पहले की तरह जारी रहेगी। इस सबंध में पटना के डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह ने आदेश जारी किया है। यह आदेश 25 जनवरी तक प्रभावी रहेगा। इसका उल्लंघन धारा 188 के तहत दंडनीय अपराध होगा।