मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर के विचारों को हमलोग आगे बढ़ा रहे हैं। वे देश में पहले व्यक्ति थे, जिन्होंने पिछड़ा और अति पिछड़ा को आरक्षण देने का काम किया। वे हमलोगों को काफी मानते थे।
जननायक कर्पूरी ठाकुर ने शिक्षा के क्षेत्र में भी काफी काम किया। उन्होंने शराबबंदी लागू की। बाद में उन्हें गलत तरीके से हटा दिया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न मिलना खुशी की बात है। इसके लिए हम केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री को धन्यवाद देते हैं। भारत रत्न देने की मांग हमलोग शुरू से करते रहे हैं।

जननायक की 100वीं जयंती पर एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री समस्तीपुर जिले के कर्पूरी ग्राम पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद उन्होंने पत्रकारों को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री कर्पूरी ग्राम स्थित जननायक कर्पूरी ठाकुर स्मृति भवन में आयोजित सर्वधर्म प्रार्थना सभा में शामिल हुए। इसके बाद जननायक के जीवन से संबंधित स्मरणांजलि स्मारिका का विमोचन किया। इस अवसर पर जननायक के पुत्र सह सांसद रामनाथ ठाकुर भी मौजूद रहे।