राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने कहा कि बिहार में कड़ाके की सर्दी के बीच जबरन स्कूल खुलवाया जा रहा है। शिक्षा विभाग जिला प्रशासन पर दबाव बनाये हुए हैं। इस टकराव में ठंड से स्कूली बच्चों की मौत होने लगी है। मुख्यमंत्री को तुरंत हस्तक्षेप कर स्कूल में अवकाश घोषित करना चाहिए ।
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को प्रतिष्ठा का प्रश्न बनाने की जगह शिक्षा विभाग को बच्चों के हित में अपना आदेश वापस लेना चाहिए । हर साल भीषण सर्दी जारी रहने तक आठवीं तक के बच्चों के लिए स्कूल में छुट्टी रखने की परिपाटी है, लेकिन इस बार शिक्षा विभाग ऐसे कठिन मौसम में भी सारे स्कूलों को खुला रखने के लिए अड़ा हुआ है।
मोदी ने कहा कि पिछले चार दिनों से शिक्षा विभाग और पटना जिला प्रशासन के बीच लेटर वार चल रहा है। जिला प्रशासन बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रख कर अवकाश रखना चाहता है, जबकि शिक्षा विभाग इसके विरुद्ध पत्र जारी कर रहा है। डीएम को इस मामले की शिकायत मुख्य सचिव से करनी पड़ी, लेकिन टकराव बना हुआ है। यह गतिरोध जल्द समाप्त होना चाहिए ।