मुख्य समाचार

नीतीश जी के अचानक महागठबंधन छोड़ने से सभी हैरान : शिवानंद

नीतीश कुमार के अचानक महागठबंधन छोड़कर एनडीए में शामिल होने पर आरजेडी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी काफी नाराज हैं। अपनी प्रतिक्रिया में उन्होंने कहा कि महागठबंधन में सब कुछ ठीक था। 

नीतीश जी के अचानक महागठबंधन छोड़कर पुनः भाजपा के साथ सरकार बनाने की घोषणा से देश हैरान है। लोग जानना चाहते हैं कि 2022 में आपने अचानक भाजपा वाले गठबंधन को क्यों छोड़ दिया था और महागठबंधन में कैसे शामिल हो गए थे।

महागठबंधन की ओर से किसी ने एक अणे मार्ग जाकर इस गठबंधन में शामिल होने के लिए इनको न्योता दिया था क्या ?

नीतीश कुमार 8 अगस्त, 2022 को अपने सभी विधायकों के साथ पैदल चल कर राबड़ी आवास पहुंचे थे। वहां उन्होंने 2017 में गठबंधन तोड़ कर भाजपा में चले जाने के लिए राबड़ी जी से माफी मांगी थी। महागठबंधन के तमाम नेताओं के बीच अपने भाषण में उन्होंने वही सबकुछ कहा था जो आज कह रहे हैं। उस समय वे रोना रो रहे थे कि भाजपा के लोग काम नहीं करने दे रहे थे। हमेशा टकराव की बात कर रहे थे।

भाजपा से अलग होने के बाद विधानसभा सभा में नीतीश जी ने कहा था कि मिट्टी में मिल जाऊंगा, लेकिन भाजपा के साथ नहीं जाऊंगा ऐसे संकल्पों का  नमूना गूगल में खोजने पर मिल जाएगा

नीतीश कुमार ने तेजस्वी के दस लाख युवाओं को नौकरी देने की घोषणा पर कहा था कि इनको तनख्वाह देने के लिए पैसा कहां से लाओगे। 9 अगस्त, 2022 को तेजस्वी ने उप मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। 

15 अगस्त, 2022 को नीतीश कुमार ने गांधी मैदान के मंच से कहा कि दस लाख युवाओं को महागठबंधन की हमारी सरकार नौकरी देगी। दस लाख रोज़गार का सृजन भी करेंगे। राजनीति के पुरानी पीढ़ी के नीतीश कुमार ने युवा तेजस्वी के एजेंडे को कबूल किया और उसे आगे बढ़ाया। 

महागठबंधन के संपूर्ण कार्यकाल में तेजस्वी यादव ने जिस प्रकार का आचरण किया है। उसे सभी ने देखा है। नीतीश कुमार को शिकायत का मौका नहीं मिले। इसलिए तेजस्वी दब कर रहे। 

अख़बारों के पहले पन्ने पर मुख्यमंत्री की बड़ी तस्वीर के साथ स्वास्थ्य विभाग का विज्ञापन छपता था। स्वास्थ्य विभाग के मंत्री के बावजूद उनकी छोटी तस्वीर भी नहीं रहती थी। तेजस्वी ने इस सबको अनदेखा किया।

आज नीतीश जी कह रहे हैं कि राजद के साथ काम करने में परेशानी हो रही थी। हम काम कर रहे थे, लेकिन वे लोग काम नहीं कर रहे थे। अगर कोई शिकायत थी तो कभी लालू जी से शिकायत क्यों नहीं की ? 

 


संबंधित खबरें