राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता मनोज कुमार झा ने कहा कि बिहार में रोजगार और नौकरी देने वाली सरकार को समाप्त करने की साजिश की गई है। राजनीतिक लड़ाई रहे, लेकिन रोजगार और नौकरी बाधित नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव के संकल्प के अनुसार लाखों नौजवानों को नौकरी दी गई। जो काम 17 वर्षों में नहीं हुआ, उसे 17 महीने में तेजस्वी प्रसाद यादव ने पूरा किया।
मनोज कुमार झा ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग ने एक लाख पैंतीस हजार लोगों को नौकरी देने की प्रक्रिया पूरी कर ली थी। इसे दो महीने में पूरा किया जाये। एक लाख और शिक्षकों की नियुक्ति समेत कई विभागों के लिए जो रिक्तियां चिन्हित की गई थीं, उन्हें भी समय पर पूरा करना चाहिए।
राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता ने कहा कि आशा और ममता के मानदेय बढ़ाने का प्रस्ताव कैबिनेट की बैठक में रोक दिया गया था, जबकि स्वास्थ्यमंत्री के रूप में तेजस्वी यादव ने इस पर हस्ताक्षर कर दिया है। मानदेय को शीघ्र लागू किया जाये। बिहार में खेल को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहन योजना चलायी गई है। इसे शीघ्र पूरा किया जाये।
उन्होंने कहा कि सरकार को यह देखना चाहिए कि अधिकारी आप से वैसे फैसला करा लेते हैं, जो सरकार और आम लोगों के बीच फासले बढ़ाते हैं। अफसरो पर निर्भरता जनता के हित में नहीं है।
हमारी सरकार के समय बिहार में जातीय गणना हुई। इस आधार पर आरक्षण का दायरा बढ़ाकर 75 प्रतिशत किया गया है।
इस मौके पर आरजेडी के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक, प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष वृषिण सिंह पटेल, राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ करूणा सागर, प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद, डॉ अजय सिंह एवं चित्तरंजन गगन, प्रदेश महासचिव अरुण कुमार यादव और संजय कुमार यादव भी उपस्थित थे।