मुख्य समाचार

अब सब दिन हम इधर ही रहेंगे : नीतीश कुमार 

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि जिनके साथ (बीेजेपी) हम पहले थे, अब फिर से वहां आ गए हैं। अब सब दिन हम इधर (बीेजेपी) ही रहेंगे। हम केवल बिहार के विकास के काम में लगे रहते हैं और आगे भी लगे रहेंगे।

सरदार पटेल भवन में आधुनिक सुविधाओं से लैस राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री पत्रकारों से बात कर रहे थे। 

यह पूछे जाने पर कि पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव कह रहे हैं कि हमारे 17 महीने की सरकार उनके 17 साल की सरकार पर भारी है। इस सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सब बेकार की बातें हैं। पहले कितने लोगों को रोजगार मिलता था ? पहले पढ़ाई का स्तर क्या था ? 

वर्ष 2005 से पहले के हालात को आपलोग भूल गए। शाम के समय कोई घर से नहीं निकलता था। पहले यहां कोई विकास कार्य नहीं होता था। जब हम आए तभी अच्छे भवनों का निर्माण कार्य शुरू करवाया। इलाज के लिए सारी व्यवस्थाएं की। अच्छी सड़क और पुल-पुलियों का निर्माण कार्य शुरू हुआ। 

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कहने पर जाति आधारित गणना करवाई। इस सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सब फालतू की बात है। हमने 9 पार्टियों की सामूहिक बैठक में यह निर्णय लिया था। वर्ष 2019 और 2020 में हमने विधानसभा और विधान परिषद् में भी जाति आधारित गणना की बात कही थी। 

इसके बाद वर्ष 2021 में प्रधानमंत्री से मिलने गए थे। बाद में अपने स्तर पर हमने इसे करवाया। यह सबकुछ मेरा किया हुआ है। बेकार में इसका कोई क्रेडिट ले रहा है। हमने बहाली का काम भी किया है। 

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर ईडी का शिकंजा कसने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उनपर चार्जेज तो बहुत दिन पहले से है। जांच स्वाभाविक है। 

‘इंडिया’ गठबंधन के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हम तो नाम भी दूसरा कह रहे थे, लेकिन मेरी बात नहीं मानी गई। गठबंधन में मेरे कहने पर कोई काम नहीं हो रहा था। आज तक इस गठबंधन में सीटों को लेकर फैसला नहीं हो पाया। तब हमने गठबंधन छोड़ने का फैसला कर लिया।
 


संबंधित खबरें