राज्य सरकार ने पुराने नियोजित शिक्षकों की परेशानी को देखते हुए दो ऑफलाइन (लिखित) सक्षमता परीक्षा की सुविधा देने का निर्णय लिया है। इस तरह नियोजित शिक्षकों के पास अब तीन ऑनलाइन और दो ऑफलाइन सक्षमता परीक्षा देने का विकल्प होगा।
कंप्यूटर फ्रेंडली नहीं होने के कारण पुराने नियोजित शिक्षक महसूस कर रहे थे कि उन्हें ऑनलाइन परीक्षा देने में परेशानी होगी। इसके विरोध में वे पटना में कई दिनों से प्रदर्शन कर रहे थे।
शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बताया कि नियोजित शिक्षकों को राज्यकर्मी बनने के लिए सक्षमता परीक्षा उत्तीर्ण करनी है। अभी तक इसके लिए तीन ऑनलाइन परीक्षा का प्रावधान है।
शिक्षकों की तरफ से लगातार मांग की जा रही थी कि ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन (लिखित) परीक्षा हो अन्यथा पुराने शिक्षकों को कठिनाई होगी। राज्य सरकार ने इनकी परेशानी को देखते हुए दो बार ऑफलाइन सक्षमता परीक्षा भी आयोजित करने का निर्णय लिया है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि हाल के दिनों में शिक्षा व्यवस्था में गुणात्मक सुधार हुआ है। सुदूर इलाके के विद्यालय भी पूरे समय तक चलते हैं। इसे बरकरार रखने की जरूरत है।