मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार समय पर हो जाएगा। अभी हमारे साथ आठ मंत्री काम कर रहे हैं। सभी काम ठीक से हो रहा है। भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि पर आयोजित समारोह के बाद मुख्यमंत्री पत्रकारों से बात कर रहे थे।
महागठबंधन सरकार के कुछ मंत्रियों के विभागों पर जांच के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हमलोग काम की समीक्षा करते हैं। कोई गड़बड़ी होने पर जांच होगी। हम किसी को गड़बड़ नहीं करने देंगे।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की बिहार यात्रा के दौरान दिए गए बयान पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे हमें कोई मतलब नहीं है। वे मीडिया में बने रहने के लिए कुछ भी बोलते हैं। हमारे काम के बारे में वे कुछ नहीं बोलते हैं।
महागठबंधन का दरवाजा खुला रहने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दो दिन पहले जब हम विधानसभा से निकल रहे थे। उसी समय लालू प्रसाद यादव विधानसभा आ रहे थे। उस दौरान हमारी उनसे भेंट हुई। हमारी जिससे भी मुलाकात होती है। हम सबका अभिवादन करते हैं।
ऐसे जिनको जो कुछ बोलना है, बोलते रहें। हम फिर से एनडीए में हैं और हमलोग मिलकर बिहार का विकास करेंगे। इस बार लोकसभा चुनाव में हमलोग बेहतर प्रदर्शन करेंगे। पिछली बार से अधिक संख्या में लोकसभा की सीट जीतेंगे।
इंडिया गठबंधन के भविष्य पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हम अलग हो गये हैं। बाकी दल क्या कर रहे हैं। इसकी मुझे जानकारी नहीं है। हम विपक्षी दलों को एकजुट करने की कोशिश किये, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। हमने इस गठबंधन का नाम कुछ दूसरा बताया था, लेकिन उनलोगों ने अलग नाम रख लिया। वे क्या करते हैं, वही जानें।